Monday, 19 January 2015

ओबामा की यात्रा से पहले आतंकी हमले का खतरा -खुफिया एजेंसियों ने सरकार को चेताया

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्टÑपति बराक ओबामा की भारत यात्रा से पहले खुफिया एजेन्सी गुप्तचर ब्यूरो (आईबी) ने एलर्ट जारी कर सीमा पार से आतंकवादी हमले की आशंका जताई है, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर में चौकसी बढ़ा दी गई है। ओबामा गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए 25 जनवरी को तीन दिन की यात्रा पर भारत आ रहे हैं। सरकार ने कहा है कि वह ओबामा की यात्रा के दौरान सुरक्षा से जुड़े सभी एहतियाती कदम उठा रही है। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने ओबामा की यात्रा के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में सोमवार को यहां कहा कि इस तरह की यात्राओं के संबंध सभी तरह का ध्यान रखा जाता है। यह संप्रभु देश और सरकार की जिम्मेदारी होती है। हमारी सुरक्षा एजेन्सियां पूरी तरह सक्रिय हैं। उधर अमेरिका ने भी पाकिस्तान को चेताया है कि यदि ओबामा की भारत यात्रा के दौरान सीमा पार से आतंकी हरकत होती है तो पाकिस्तान को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। खुफिया रिपोर्टों के बाद जम्मू-कश्मीर में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और सीमा पर भी हर 10 किलोमीटर पर नई चौकियां बनाई गई हैं। अंतर्राष्टÑीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल ने भी चौकसी बढ़ा दी है। अमेरिकी राष्टÑपति की 27 जनवरी की आगरा यात्रा के मद्देनजर यमुना एक्सप्रेस वे तथा आगरा में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये जा रहे हैं। सेना और सीमा सुरक्षा बल ने भी खुफिया जानकारी के आधार पर कहा है कि सीमा पार सौ से भी अधिक आतंकवादी भारत में घुसपैठ की फिराक में हैं।

No comments:

Post a Comment