Friday, 9 January 2015

चीन में नशा विरोधी कैंपेन के एंबेसडर जैकी चेन के बेटे को ड्रग्स रखने में जेल

बीजिंग। चीन की एक अदालत ने हॉलीवुड एक्टर जैकी चेन के बेटे को छह महीने की सजा सुनाई है। चीन में नशा विरोधी कैंपेन के एंबेसडर रहे जैकी चेन के 32 वर्षीय जेसी चेन को घर में ड्रग्स के सेवन का दोषी पाया गया है। बीजिंग के डोनगचेंग डिस्ट्रिक पीपुल्स कोर्ट में जेसी ने खुद इस बात को कबूला है। 
 
सीसीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, जेसी को सजा सुनाए जाने दौरान उसके पिता जैकी व परिवार के सदस्य कोर्ट में मौजूद नहीं थे। गौरतलब है कि पिछले साल 14 अगस्त को घर पर ड्रग्स का सेवन की शिकायत पर जेसी और ताइवानी फिल्म एक्टर चेन तुंग सहित अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान जेसी और चेन तुंग को चरस के सेवन का दोषी पाया गया। दोनों ने यह बात स्वीकार की है। पुलिस ने जेसी के घर से 100 ग्राम से ज्यादा चरस बरामद की थी। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान जेसी ने कहा कि जब पुलिस आई, तो मैंने केवल उन्हें नशीले पदार्थ होने की सूचना दी। मैंने यह कबूल किया, क्योंकि मुझे नहीं पता था कि ड्रग्स (मारिजुआना) का क्या करूं। जेसी चेन के साथ गिरफ्तार किए गए ताइवान के अभिनेता को 14 दिन की हिरासत के बाद छोड़ दिया गया था। लेकिन जेसी चेन को क्रिमिनल डिटेंशन में रखा गया था। जेसी के ऊपर न केवल ड्रग्स लेने का आरोप था, बल्कि नशीले पदार्थ की सप्लाई का भी आरोप लगा था। चैन पर 322 डॉलर (2000 यूआन) का जुर्माना भी लगाया गया है। 
 
जैकी चेन ने कहा, बेटे के कारण शर्मिंदा हूं
बेटे के ड्रग्स सेवन के मामले में फंसने के बाद पिछले दिनों जैकी चेन ने कहा था कि वह बेटे जेसी की करतूत से शर्मिंदा हैं। अपने बयान में जैकी ने जेसी को संबोधित करते हुए कहा कि तुमने गलत काम किया और खुद ही इस हालात से निपटो। दुखी जैकी ने कहा था कि वह अपने बेटे को अच्छे संस्कार नहीं दे पाए और इसकी जिम्मेदारी लेते हैं। इसके लिए मैं और मेरा परिवार समाज से माफी मांगता है। जैकी चेन के लिए बेटे का ड्रग्स मामले में जेल जाना इसलिए भी ज्यादा शर्मिंदगी भरा है, क्योंकि जैकी को वर्ष 2009 में बीजिंग में एंटी-ड्रग्स का एंबेसडर बनाया गया था। पुलिस ने जैकी के जरिए बीजिंग में नशे के खिलाफ अभियान चलाया था। माना जा रहा है कि बेटे की नाराजगी के चलते ही जैकी या परिवार का कोई अन्य सदस्य अदालत में सुनवाई के दौरान मौजूद नहीं था।

No comments:

Post a Comment