Monday, 5 January 2015

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख की ‘एमएसजी’ मूवी की 20 तक सभी टिकटें बुक

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख की ‘एमएसजी’ मूवी की 20 तक सभी टिकटें बुक
सिरसा। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख संत गुरमीत सिंह राम रहीम इंसा की  फिल्म ‘मैसेंजर ऑफ गाॅड’ की बुकिंग शुरू हो गई है। बुकिंग के दूसरे दिन ही शहर के ओम सिने गार्डन में फिल्म की 20 जनवरी तक सभी टिकटें एडवांस में ही बुक हो चुकी हैं। शुरुआत में यह फिल्म एक ही ऑडिटोरियम में रिलीज हो रही है। एक दिन में चार शो होंगे और चार दिनों के 16 शो की 19 हजार 200 टिकटें शनिवार सुबह तक बुक हो गई हैं। 
 
टिकट बुकिंग करवा चुके डेरा अनुयायी अब इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। डेरा प्रमुख पर साध्वी यौन शोषण, छत्रपति हत्याकांड, रणजीत हत्याकांड, साधु के अंडकोष निकालने के मामले न्यायालय में चल रहे हैं। डेरा प्रमुख की फिल्म का सिख जत्थेबंदियां विरोध कर रही हैं और पंजाब में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक की मांग की जा चुकी है।
 
डेरा प्रमुख कह चुके हैं कि सामाजिक बुराइयां दूर करने और युवाओं में देशभक्ति का जज्बा पैदा करने के लिए फिल्म का निर्माण किया गया है। देशभर के तीन हजार स्क्रीन पर यह फिल्म दिखाई जाएगी। सिरसा के एसपी मितेश जैन ने बताया कि डेरा प्रमुख की 16 जनवरी को रिलीज होने वाली फिल्म को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से सतर्क है।  
 
रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में डेरा
 
डेरा प्रमुख की फिल्म का प्रीमियर गुडगांव में 11 जनवरी को रिलीज हो रहा है। खुद डेरा प्रमुख दर्शकों के साथ यह फिल्म देखेंगे। तीन लाख दर्शकों की उपस्थिति में प्रीमियर शो दिखाया जाएगा, जो कि अब एक नया रिकॉर्ड बनाएगा। डेरा अनुयायियों को प्रीमियर शो में ले जाने के लिए डेरे की 45 सदस्यीय कमेटी ने ब्लॉक स्तर पर सूचियां तैयार करनी शुरू कर दी हैं। फिल्म का ट्रेलर अब तक यू ट्यूब पर 19 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। इसमें से 18833 लोगों ने इसे लाइक किया है और 6460 लोगों ने डिस्लाइक किया है। 
 
^बुकिंग शुक्रवार को शुरू हुई थी। 20 जनवरी तक सभी शो की टिकटें बुक हो चुकी हैं। शुरुआत में एक सप्ताह तक एक ही ऑडिटोरियम में फिल्म दिखाई जाएगी। यदि पब्लिक का रिस्पोंस सकारात्मक रहता है तो दूसरे ऑडिटोरियम में भी फिल्म दिखाई जा सकती है।
पंकज खेमका, संचालक, ओम सिने गार्डन
 
साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा मुखी की अगली पेशी 17 को
 
डेरा मुखी संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसा शनिवार को साध्वी यौन शोषण, पत्रकार छत्रपति व रणजीत हत्याकांड मामले में कोर्ट में पेश हुए। संत गुरमीत सिंह ने सुबह साढ़े 9 बजे  सिरसा अदालत परिसर में पहुंचे, जहां वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सीबीआई की पंचकूला स्थित विशेष अदालत में पेशी हुई। कोर्ट में उनकी पेशी शाम साढ़े चार बजे तक चली। इस दौरान डेरा प्रमुख द्वारा साध्वियों से यौन शोषण के मामले में बचाव पक्ष की ओर से पेश किए गवाह से सीबीआई ने क्रॉस किया।
 
आखिर  तीनों मामलों में सुनवाई के बाद अदालत ने अगली पेशी 17 जनवरी तय की है। बचाव पक्ष के गवाह टेकचंद सेठी  की गवाही पर सीबीआई द्वारा क्रॉस की कार्रवाई शुरू हुई। टेकचंद सेठी डेरा प्रमुख पर आरोप जड़ने वाली एक साध्वी का ससुर है। 

उसने अपनी बहू व बेटे के खिलाफ जाते हुए अदालत में गवाही दी। गवाही के दौरान उसने कहा था कि उसका डेरा से कोई संबंध नहीं है। गवाही पर जब सीबीआई द्वारा क्रॉस एग्जामिनेशन किए जाने का वक्त आया तो सेठी अदालत में पेश ही नहीं हुआ। आखिर अदालत को उसके गैर जमानती वारंट जारी करने पड़े। शनिवार को सेठी अदालत में पेश हुआ। कोर्ट में सीबीआई द्वारा अनेक ऐसे सबूत पेश किए गए। जिससे यह साबित किया जाए कि सेठी का डेरा सच्चा सौदा से गहरा संबंध है।

No comments:

Post a Comment