नई दिल्ली. सुनंदा पुष्कर की मौत की
गुत्थी सुलझाने में लगी एसआईटी ने गुरुवार को थरूर के नौकर नारायण सिंह से
पूछताछ की। नारायण सिंह ने पूछताछ के दौरान एसआईटी को बताया
कि थरूर-सुनंदा के बीच किसी 'कैटी' नाम की महिला को लेकर अक्सर झगड़ा होता
था। नौकर ने पुलिस को यह भी बताया कि इससे पहले, सुनंदा और थरूर में उनके
कमरे में झगड़ा हुआ था, जिसमें सुनंदा ने थरूर पर हाथ उठाया। इसमें थरूर के
पैर में चोट आई थी। दूसरी ओर, इस मामले में यूपी सरकार में मंत्री रहे
गुलाम नबी आजाद और सुशील कुमार शिंदे से भी पूछताछ हो सकती है। दरअसल, पुलिस यह जानना चाहती है कि क्या तत्कालीन गृहमंत्री सुशील कुमार
शिंदे की ओर से दिल्ली पुलिस पर धीमी कार्रवाई करने का दबाव था? यह भी पता
लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या शिंदे को केस को खराब करने के लिए
पार्टी आलाकमान से कोई निर्देश मिला था?
नए किरदारों ने मामला उलझाया
कैटी
फिलहाल अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि कैटी कौन है? इस मामले में यह
खुलासा नया है, क्योंकि अभी तक थरूर-सुनंदा के बीच पाकिस्तानी पत्रकार मेहर
तरार की वजह से झगड़ा होने की खबरें आई थीं।
सुनील साहब
एक वेबसाइट के मुताबिक, नारायण ने पुलिस को बताया है कि मौत से दो दिन
पहले सुनंदा से होटल में मिलने कोई 'सुनील साहब' आए थे। नारायण के
मुताबिक, सुनंदा ने सुनील की मदद से अपने पति के खिलाफ ट्वीट्स किए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, नौकर ने पुलिस को बताया कि सुनंदा 'सुनील साहब' के साथ
कमरे में गईं। वहां उन्होंने उनके फोन से ट्वीट करने शुरू कर दिए। नौकर ने
कथित तौर पर पुलिस को यह भी बताया कि उस रात सुनंदा ने थरूर को कॉल भी
किया और कहा, ''आप खत्म हो गए।'' उन्होंने ट्विटर पर पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार और शशि थरूर के बीच कथित रिश्तों को सार्वजनिक कर दिया।
सुनंदा के शरीर पर थे चोट के 15 निशान
इस बीच, एक टीवी चैनल ने दावा किया है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर
के मृत शरीर पर चोट के 15 निशान थे। इस मामले में पिछले साल दर्ज कराई गई
एफआईआर के हवाले से दावा किया गया है कि इनमें से एक निशान दांत से काटे
जाने और एक इंजेक्शन लगाए जाने का था। एक चैनल के अनुसार, सुनंदा के शरीर
पर कुल 15 निशान चोट के हैं। 12वां निशान साफ तौर पर दांत काटने का है।
एफआईआर के अनुसार, चोट के निशान संघर्ष या झड़प के कारण आए हैं। 10वां
निशान इंजेक्शन का है। बताया जा रहा है कि सुनंदा की हाथ की उंगलियों के
बीच इंजेक्शन लगाए जाने के निशान मिले थे। पुलिस सूत्रों का यह भी मानना है
कि सामान्यत: कोई भी डॉक्टर या विशेषज्ञ दो उंगलियों के बीच इंजेक्शन नहीं
लगाता है। सुनंदा की हथेलियों एवं नाखूनों को नीला पाया गया था। लिहाजा,
यह आशंका जताई जा रही है कि जहर हथेलियों के रास्ते सुनंदा के शरीर तक
पहुंचाया गया।
No comments:
Post a Comment