Saturday, 10 January 2015

मोदी का AAP पर हमला: बोले-जिसे फुटपाथ पर बैठने में मास्टरी है, उसे वही काम दीजिए

नई दिल्‍ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली में आयोजित चुनावी रैली में आम आदमी पार्टी और उसके मुखिया अरविंद केजरीवाल पर सीधा हमला बोला। पीएम ने केजरीवाल या 'आप' का नाम लिए बिना कहा, 'जिन लोगों को अराजकता फैलानी हो, वे जंगलों में जाएं और नक्सलियों से जुड़ें। वे भी तो यही काम कर रहे हैं।'  पीएम ने 'आप' पर हमला बोलते हुए दिल्‍ली का एक साल बर्बाद करने वालों को सजा देने का आह्वान किया। मोदी ने कहा, 'जिन्‍होंने दिल्‍ली को अस्थिर किया, उन्‍हें सजा दीजिए। जिनको धरनों की मास्‍टरी है, उनके हाथ में सरकार की कमान मत दीजिए। हमारी मास्‍टरी सरकार चलानेे में हैं। हमें दिल्‍ली को आगे बढ़ाना है और नई ऊंचाईयों पर ले जाना है। मुझे विश्‍वास है कि दिल्‍ली में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी।' हालांकि, पीएम ने दिल्‍ली को पूर्ण राज्‍य का दर्जा दिलाने पर कोई चर्चा नहीं की। 
 
वादों की झड़ी 
पीएम ने इस दौरान यह भी कहा कि जिस तरह आप (दिल्लीवाले) मोबाइल का ऑपरेटर चुनते हैं, वैसे ही बिजली कंपनियां चुन सकेंगे। उन्होंने राजधानी के लिए 24 घंटे बिजली सप्लाई की भी बात कही। दिल्‍ली विधानसभा चुनावों से पहले हुई इस रैली में पीएम ने दिल्‍लीवालों से कुछ और बड़े वादे भी किए। पीएम ने वादा किया कि हर झुग्‍गीवासी को 2022 तक अपना मकान दिया जाएगा। मेरा सपना है कि वर्ष 2022 तक देश की राजधानी दिल्‍ली में लोगों को झुग्‍गी–झोपड़ी, फुटपाथ पर जीवन व्‍यतीत करने वालों का ‘अपना घर’ होने का सपना पूरा कराया जाए। इसे हम पूरा करके रहेंगे। यह छोटा  काम नहीं, बल्कि बड़ा काम है और इसे पूरा करने के लिए आपका आर्शीवाद चाहिए। इस काम को पूरा करने के लिए इस चुनाव में हमारा साथ दीजिए। वर्ष 2022 तक हम यह सपना पूरा कर देंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, 'हम दिल्‍ली को भरपूर बिजली देंगे और जनरेटर से मुक्ति दिला देंगे। जो कंपनी सस्‍ती बिजली देगी, जनता को उसे चुनने का अधिकार होगा। यह ठीक उसी तरह होगा जैसे की लोग मोबाइल कंपनी को चुनते हैं। मैंने देश को भ्रष्‍टाचार से मुक्ति का अभियान शुरु किया है और उसे गली-मोहल्‍ले तक लाया जाएगा। रिश्‍वतखोरी की सफाई करके रहूंगा।' 
 
झूठ के कारखाने चल रहे हैं 
प्रधानमंत्री ने 'आप' पर निशाना साधते हुए कहा, 'दिल्‍ली में बड़ी संख्‍या में झूठ के कारखाने चल रहे हैं। जो झूठ बाेलते हैं, जनता उन्‍हें पराजित करती है। सरकारी कर्मचारियों की सेवानिवृति की उम्र घटाकर 58 साल करने का झूठ बोलकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। मोदी कभी पीठ में छुरा घोंपने वाला इंसान नहीं।'
 
दिल्‍ली में गरीबों के 19 लाख 50 हजार बैंक खाते खुले
उन्‍होंने कहा, ''दिल्‍ली में लाखों लोगों के पास बैंक खाते नहीं थे, लेकिन जनधन योजना के बाद दिल्‍ली में गरीबों के 19 लाख 50 हजार बैंक खाते खुले। जनधन योजना से गरीब को एक लाख रुपए मिलने की गारंटी है। मेरी सरकार गरीबों को समर्पित। हमारी सरकार के सारे कदमों ने गरीबों में चेतना पैदा की।''
 
भाजपा दिल्‍ली को लाएगी विकास की राह पर: पीएम
महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने आने वाले दिल्‍ली के जीवन को विकास पर ले जाने के रास्‍ते खोल दिए हैं। उन्‍होंने कहा, 'हमने बहुत राजनीति‍ कर ली। नारे भी बहुत दे चुके थे। पिछली सरकार ने जितनी तेजी से गरीबी हटानेे की बात कही, उससे कहीं ज्‍यादा तेजी से गरीबी बढ़ी, लेकिन सवाल यह है कि सामान्‍य आदमी के पास क्‍या पहुंचा। विकास घोषणाओं से नहीं होता। गहराई से जाकर उसका हल निकाला जाता है।' उन्‍होंने कहा, 'कांग्रेस के राज में गरीबों ने कभी बैंक के अंदर जाकर नहीं देखा था। हरियाणा की तरफ से दिल्‍ली को छोड़े जाने वाले पानी में भेदभाव के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। ' उन्‍होंने कहा,  'खट्टर ने पहली बैठक में ही इस समस्‍या का समाधान करने का कदम उठाया। '
 
अमित शाह भाजपा के  सर्वाधिक सफल अध्‍यक्ष: मोदी
उन्‍होंने कहा, 'पीएम ने अपने भाषण की शुरुआत अमित शाह को भाजपा का सर्वाधिक सफल अध्‍यक्ष बताते हुए की। महाराष्ट्र के नव निर्वाचित मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर और झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास को अपने-अपने राज्‍यों में जीत दर्ज करने पर उनकी तारीफ करते हुए अभिनंदन किया।' पीएम के मुताबिक, 'मैं जम्‍मू-कश्‍मीर की जनता को विशेष बधाई देता हूं, क्‍योंकि राज्‍य की जनता ने अलगाववादी ताकतों को नकारते हुए लोकतंत्र में भरोसा जताते हुए भारी मतदान किया। भाजपा ने राज्‍य में ऐतिहासिक जीत हासिल की।'
 
मोदी के आते ही कार्यकर्ताओं में दिखा भरपूर जोश
रैली के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्‍ली विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के प्रचार अभियान का शंखनाद करने के लिए 12.25 बजे रामलीला मैदान पहुंच गए। पार्टी की तरफ से बड़ी फूल माला पहनाकर उनका स्‍वागत किया गया। पीएम के साथ ही मंच पर मौजूद सभी शीर्ष नेताओं का सम्‍मान किया गया। मोदी के आने के बाद कार्यकर्ताओं में भरपूर जोश देखा गया और उन्होंने मोदी-मोदी के नारे लगने शुरू हो गए। रैली में शामिल होने के लिए सैंकड़ों लोग सुबह से ही पहुंचना शुरु हो गए थे। पार्टी के दिल्‍ली के सभी सांसद और स्‍थानीय नेता, कार्यकर्ताओं  के साथ 11 बजे से पहले ही पहुंच गए थे। कार्यकर्ताओं में भरपूर जोश देखा गया। 
 
पीएम के आगमन से पहले पार्टी के अध्‍यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू, अरुण जेटली, पीयूष गोयल, महाराष्ट्र के नव निर्वाचित मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडनवीस, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर और झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास समेत कई बड़े नेता भी पहुंच चुके थे। पार्टी की तरफ से इन तीनों नव निर्वाचित मुख्‍यमंत्रियों का अभिनंदन किया गया।

No comments:

Post a Comment