लखनऊ. मर्डर के आरोप में जेल में बंद यूपी के पूर्व मंत्री
अमरमणि त्रिपाठी के बेटे की पत्नी की मौत के मामले में एक और खुलासा हुआ
है। अमरमणि के बेटे अमनमणि की पत्नी सारा की कुछ दिनों पहले एक एक्सीडेंट
में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूत्रों के अनुसार, सारा के
पुराने मोबाइल फोन से कुछ मैसेज और फोटोज मिली हैं। इनसे इशारा मिलता है कि
अमनमणि की कई दूसरी लड़कियों से भी नजदीकी थी। अमन सारा के साथ मारपीट
करता था और इसकी शिकायत सारा ने महिला हेल्पलाइन में भी की थी।
शादी के दो महीने बाद ही टेंशन
सारा की बहन नीति मिश्रा ने कुछ फोटोज जारी करते हुए कहा है कि अमनमणि
सारा से मारपीट करता था। एक फोटो में सारा की आंख पर चोट का निशान देखा जा
सकता है। नीति के मुताबिक, सारा को शादी के कुछ दिनों बाद ही पता लग गया
था कि अमन के कुछ और लड़कियों से भी रिश्ते हैं। इसके बाद दोनों के बीच
टेंशन हो गया था। अमन सारा के साथ मारपीट करने लगा था।
नीति के मुताबिक, सारा ने अमनमणि को 25-26 अगस्त 2014 की रात 01.24 मिनट पर मैसेज किया। इसमें लिखा था, "इतने डॉमिनेटिंग हो तुम कि तुमसे आंख उठाके बात करने में भी डर लगता है।" इस पर अमन ने बाद में कॉल करने का मैसेज भेजा, जिसके जवाब में सारा ने मैसेज करके पूछा, "व्हाट हैपंड, प्लीज टेल।" कोई जवाब न पाकर सारा ने मैसेज किया, "किसी और से बात कर रहे हो। आ गया क्या किसी लड़की का फोन। ऑल द बेस्ट।"
हेल्पलाइन पर की थी शिकायत
नीति ने बताया कि सारा ने 20 जून, 2014 को महिला हेल्पलाइन 1090 पर
कॉल करके अमन द्वारा उससे मारपीट की शिकायत भी की थी। इसका उसे
एक्नॉलेजमेंट भी मिला था। बता दें कि सारा की मां सीमा सिंह ने बुधवार को
सीएमओ से बातचीत का एक ऑडियो टेप भी जारी किया था। सीमा के मुताबिक, टेप
में फिरोजाबाद के सीएमओ यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि सारा का
पोस्टमॉर्टम सही ढंग से नहीं हुआ है। वहीं, डीजीपी ने सारा की मौत के मामले
में सीबीआई जांच के लिए अपनी तरफ से हरी झंडी दे दी है।
फोटो में दिखा चोट का निशान
सारा की मां सीमा सिंह के अनुसार, अमनमणि और सारा की शादी जुलाई 2013
को अलीगंज के आर्यसमाज मंदिर में हुई थी। शादी के चार-पांच महीने के बाद से
ही सारा परेशान रहने लगी थी। काफी पूछने पर सारा ने कहा था कि अमन उसके
साथ मारपीट करता है। सारा के भाई सिद्धार्थ ने बताया कि सारा ने अपनी एक
दोस्त को फेसबुक मैसेंजर के जरिए मैसेज करके बताया था, “अमनमणि ने उसकी
जिंदगी नरक बना रखी है, वह उसे धमकाता है और मारपीट करता है।”
अब तक नहीं मिले सारा के गायब हुए मोबाइल
सारा के भाई के मुताबिक, सारा के पुराने मोबाइल में इतने राज छिपे हैं
तो नए मोबाइल में जरूर ऐसे सबूत होंगे जो मेरी बहन के मर्डर का राज खोल
सकते हैं। सारा की मां ने बताया कि सारा की मौत वाले दिन अमनमणि उसी के
मोबाइल से बात कर रहा था। अमन को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद से सारा
के दोनों मोबाइल गायब हैं। अगर ये दोनों मोबाइल मिल जाएं तो सारा की मौत
की साजिश का पर्दाफाश हो जाएगा।
No comments:
Post a Comment