Monday, 13 July 2015

पाकिस्तान का यू-टर्न, कहा- एजेंडे में कश्‍मीर नहीं तो बातचीत भी नहीं

इस्लामाबाद। उफा (रूस) में नरेंद्र मोदी और पाकिस्‍तानी पीएम नवाज शरीफ की मुलाकात के तीन दिन बाद पाकिस्तान ने पलटी मारी है। उसने भारत से मुंबई हमले से जुड़े और सबूत देने की मांग की है। साथ ही, यह भी कहा है कि एजेंडे में कश्‍मीर शामिल हुए बिना भारत-पाकिस्‍तान के बीच कोई बातचीत नहीं हो सकती। उधर, दिल्‍ली में पाकिस्‍तानी हाई कमिश्‍नर (उच्‍चायुक्‍त) ने एक बार फिर अलगावादियों से नजदीकी दिखाई है और उन्‍हें ईद-मिलन के लिए बुलाया है।
पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज ने कहा है कि हमें मुंबई हमले से जुड़े और सबूत चाहिए। साथ ही मांग की है कि दोनों देशों के बीच बातचीत के दौरान एजेंडे में कश्मीर का मुद्दा होना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि कश्मीर पर बातचीत के बिना कोई अन्य बातचीत संभव नहीं है। हम अभी भी पुराने मसले पर ही खड़े हैं। पत्रकारों को ब्रीफ करते हुए अजीज ने कहा है कि मोदी-नवाज की मुलाकात दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की अच्छी शुरुआत है, लेकिन हम अपने उसूल, सम्मान और प्रतिष्ठा से समझौता नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मोदी के साथ मीटिंग के दौरान शरीफ को भी समझौता ब्लास्ट से जुड़ी जानकारियों की मांग करनी चाहिए थी। गौरतलब है कि पाकिस्तान का बयान ऐसे समय में आया है, जब उफा में मोदी और शरीफ के बीच मुलाकात में मुंबई हमले की सुनवाई में तेजी लाने और दोनों देशों के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) के बीच बातचीत पर सहमति बनी थी।
पाक दूतावास ने हुर्रियत कॉन्फ्रेंस को भेजा ईद मिलन का न्योता
भारतीय आपत्तियों को दरकिनार करते हुए भारत में पाकिस्तानी दूतावास ने हुर्रियत कॉन्फ्रेंस को ईद मिलन समारोह में आने का न्योता भेजा है। भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने 21 जून को हुर्रियत नेताओं को ईद मिलन समारोह में बुलाया है। इससे पहले उफा में मोदी-नवाज की मुलाकात के कारण बासित ने हुर्रियत नेताओं के साथ इफ्तार डिनर को रद्द कर दिया था। गौरतलब है कि अगस्त 2014 में अब्दुल बासित और हुर्रियत नेताओं की मुलाकात पर ऐतराज जताते हुए भारत ने पाकिस्तान के साथ विदेश सचिव स्तर की वार्ता रद्द कर दी थी।

No comments:

Post a Comment