Saturday, 4 July 2015

घर में टॉयलेट नहीं बनवा रहे थे मां-बाप, परेशान लड़की ने किया सुसाइड

रांची/दुमका (झारखंड). यहां घर में टॉयलेट न होने से नाराज एक लड़की ने सुसाइड कर लिया। जानकारी के अनुसार लड़की अपने मां-बाप से लगातार टॉयलेट बनवाने की मांग कर रही थी लेकिन उसके पेरेंट्स कहते थे कि पहले उसकी शादी कराएंगे, इसके बाद टॉयलेट बनवाया जाएगा। वहीं, इस घटना की खबर मिलने के बाद प्रशासन जागा है और इलाके में बिना टॉयलेट वाले घरों के बारे में पता लगाने को कहा है। दुमका के एसपी ने घटना की पुष्टि की है वहीं, डिप्टी कमिश्नर ने मृतक लड़की के घर में टॉयलेट बनवाने के आदेश दे दिए हैं।
यह है मामला
घटना शुक्रवार की है जब दुमका के शास्त्री नगर इलाके में रहने वाली एक 20 साल की लड़की की लाश फांसी के फंदे पर लटकती मिली। लड़की के पिता ड्राइवर हैं। जानकारी के मुताबिक लड़की लंबे समय से अपने पैरेंट्स से घर में टॉयलेट बनवाने की मांग कर रही थी क्योंकि उसे खुले में शौच जाने में शर्मिंदगी महसूस होती थी। टॉयलेट बनवाने की मांग लड़की के पेरेंट्स लगातार ठुकराते आ रहे थे। उनका कहना था कि पहले वह उसकी शादी करेंगे, इसके बाद घर में टॉयलेट बनवाया जाएगा। शुक्रवार को भी लड़की ने अपनी मां से टॉयलेट बनवाने की मांग की लेकिन मां ने इससे इनकार कर दिया। लड़की जब घर में अकेली थी तो उसने फांसी लगा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांवों में 67% आबादी के पास टॉयलेट नहीं, झारखंड सबसे बदतर
2011 के Census के मुताबिक 17.91 करोड़ परिवार गांवों में रहते हैं। इनमें से 67% यानी 11.29 करोड़ परिवारों के पास टॉयलेट नहीं हैं। झारखंड में हालात सबसे बदतर हैं। इस राज्य के गांवों में रहने वाले 91.67% परिवारों के पास टॉयलेट नहीं है। इस मामले में झारखंड के बाद दूसरे नंबर पर छत्तीसगढ़ है जहां 85.15% परिवारों के पास टॉयलेट नहीं है।
क्या है टॉयलेट्स बनाने की सरकार की योजना?
प्लानिंग
दिक्कत
स्वच्छ भारत और निर्मल भारत अभियान के तहत 5 साल में 12 करोड़ टॉयलेटबनाए जाने हैं। हर परिवार को टॉयलेट बनाने पर 12 हजार रुपए देगी सरकार।
12 हजार रुपए में टॉयलेट कैसे बनेंगे, इस पर बहस जारी है। अहमदाबाद टैक्सटाइल इंडस्ट्री रिसर्च एसोसिएशन ने लो कॉस्ट मॉड्यूलर टॉयलेट डिजाइन किए हैं। ये 4 घंटे में इंस्टॉल किए जा सकते हैं। लेकिन इनकी कीमत भी 12 हजार रुपए ही है। सिर्फ बिहार और पश्चिम बंगाल ने इस तरह के टॉयलेट बनाने के ऑर्डर दिए हैं।
शादी से पहले टॉयलेट बनवाने की शर्त
पिछले कुछ महीनों में ऐसे मामले सामने आए जब लड़कियों ने शादी से पहले ससुराल में टॉयलेट बनाने की शर्त रख दी या इसी आधार पर शादी से इनकार कर दिया। एक मामले में एक लड़के ने भी इसी वजह से मंगेतर से सगाई तोड़ दी।
- जून में जगदलपुर के सिड़मुड़ गांव में एक लड़के ने अपनी सगाई सिर्फ इसलिए तोड़ दी कि लड़की के घर में टॉयलेट नहीं था।
- अकोला के अंदुरा गांव की लड़की चैताली गलाखे को शादी में उसके पिता तोहफे के तौर पर घर की जरूरत का सामान दे रहे थे। ससुराल में रेडीमेड टॉयलेट ले जाने की शर्त पर ही शादी करने को राजी हुई। इसके बाद पिता ने 18 हजार रुपए का मोबाइल टॉयलेट ऑर्डर किया और बेटी की शादी कराई।
- बिलासपुर के पास बाईहाकापा गांव में एक लड़की फुलेश्वरी बंजारा की शादी 15 मई को होनी थी। लेकिन उसने शादी तब तक टाल दी जब तक ससुराल में टॉयलेट न बन जाए।

No comments:

Post a Comment