Monday, 2 February 2015

चार बच्चे पैदा करने को बोला न कि 40 पिल्ले: साध्वी प्राची

बदायूं/लखनऊ. हर हिंदू महिला को चार बच्चे पैदा करने का सुझाव देने वालीं विश्व हिंदू परिषद नेता साध्‍वी प्राची ने एक बार फिर विवादास्पद बयान दिया है। पहले दिए गए बयान के स्पष्टीकरण में अब साध्वी ने कहा, ''मैंने चार बच्‍चे पैदा करने के लिए कहा था न कि 40 पिल्‍ले। यदि 1400 साल पहले सभी हिंदू थे तो आजम खान, परवेज मुशर्रफ, गिलानी और शाही इमाम बुखारी को घर वापसी करनी चाहिए। उनके लिए घर वापसी के दरवाजे खुले हुए हैं।'' 
दूसरी ओर, साध्वी प्राची के बयान पर उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा है कि बीजेपी उनके बयान का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा कि बीजेपी उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। वाजपेयी ने कहा कि बीजेपी केवल विकास और सुशासन की बात करती है। उसे इन सब बयानों से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि विवादित बयान देने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी में रहकर वीएचपी के तौर तरीके नहीं चल सकते। शनिवार को बदायूं के मिशन कंपाउंड में आयोजित विराट हिंदू कार्यकर्ता सम्‍मेलन में साध्‍वी प्राची ने ये बातें कहीं। साध्‍वी ने शाही इमाम को 'भैंसा' तक कह दिया और यूपी के मंत्री शिवपाल यादव को पागलखाने भेजने की बात कही।
'बेटियों को बचाओ, बहू घर लेकर आओ'
साध्वी प्राची ने 'लव जिहाद' पर बोलते हुए कहा, ''आज के समय में हिंदू लड़कियों को धोखे से फंसाया जा रहा है। इसके लिए पैसा तक मुहैया कराया जा रहा है। मैं लव के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन लव जिहाद के खिलाफ हूं।' उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपील की, ''बेटियों को बचाओ, घर बहू लेकर आओ।'' इसके अलावा, उन्‍होंने कश्‍मीर में मारे गए आतंकियों की कथित तौर पर अलगाववादी नेता युसूफ रजा गिलानी द्वारा तारीफ किए जाने की भी निंदा की। साध्वी ने कहा कि आतंकियों को गिलानी द्वारा शहीद का दर्जा दिया जाना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।कार्यक्रम के समाप्‍त होने के बाद साध्‍वी ने पांच से अधिक बच्‍चे पैदा करने वाले लोगों को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया।

सपा ने की निंदा

सपा नेता बुक्कल नवाब ने साध्वी प्राची के विवादास्पद बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने बीजेपी और उसकी सहयोगियों की तुलना बिन पानी के तड़पती मछली से की है। उन्‍होंने कहा कि बीजेपी के लोग आस्‍था से खिलवाड़ करते हैं। ऐसे लोगों की जुबान पर पीएम नरेंद्र मोदी को लगाम लगाना चाहिए।

No comments:

Post a Comment