Thursday, 16 October 2014

गीतकार संतोष आनंद के बेटे-बहू ने ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी, 5 साल की बेटी बची

गीतकार संतोष आनंद के बेटे-बहू ने ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी, 5 साल की बेटी बचीमथुरा. मशहूर गीतकार संतोष आनंद के बेटे और बहू ने एक ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। दंपती अपने साथ 5 साल की बेटी को लेकर कूदे, लेकिन उसकी जान बच गई। हालांकि, हादसे में बच्ची बुरी तरह घायल हो गई। मौके पर मिले सुसाइड नोट से पता चला है कि मृतक एक आर्थिक घोटाले में फंस गया था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। 
 
दो बार फिल्मफेयर अवॉर्ड से सम्मानित संतोष आनंद के बेटे संकल्प आनंद और बहू नरेश नंदिनी ने बुधवार को यूपी के कोसीकलां में इंटरसिटी ट्रेन के आगे
कूद आत्महत्या कर ली। उनकी पांच साल की बेटी रिद्धिमा ट्रैक के बीच गिरकर घायल हो गई। संकल्प दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश नारायण नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ क्रिमिनोलॉजी एंड फोरेंसिक साइंस में लेक्चरर थे। मौके से उनकी कार और 10 पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें संकल्प ने करोड़ों की हेराफेरी में फंसाए जाने का जिक्र करते हुए गृह मंत्रालय में नियुक्त एक पुलिस अधिकारी और संस्थान के पूर्व निदेशक समेत एक दर्जन से ज्यादा लोगों को मौत का जिम्मेदार ठहराया। 
 
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इंटररसिटी ट्रेन के आने से पहले कपल एक लाल रंग की गाड़ी से मौके पर पहुंचा था। ट्रैक के किनारे खड़ा देख रेलवे के की-मैन ने इन्हें टोका तो इन्होंने लघुशंका की बात कही। वह आगे बढ़ गया। इसी बीच आगरा से दिल्ली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस आई तो पति-पत्नी बच्ची को साथ लेकर ट्रेन के आगे कूद गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स ने घायल बच्ची को अस्पताल भेज दिया। मृतक के आईकार्ड से उसकी पहचान जाहिर हुई। पुलिस को उनकी कार से दो मोबाइल, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और करीब 65 हजार रुपये मिले हैं।

No comments:

Post a Comment