Sunday, 22 March 2015

WC: सेमीफाइनल, फाइनल में अंपायरिंग नहीं करेंगे बांग्ला फैंस के 'विलेन' अलीम डार

कराची. क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा को नॉट आउट देने के बाद बांग्लादेशी फैंस और आईसीसी प्रेसिडेंट मुस्तफा कमाल के निशाने पर आए पाकिस्तानी अंपायर अलीम डार का विश्व कप का सफर खत्म हो गया है। अब खेले जाने वाले दो सेमीफाइनल मैच के लिए तय अंपायरों की लिस्ट में उनका नाम नहीं है। फाइनल मैच के लिए अंपायरों का एलान सेमीफाइनल मैचों के बाद ही होगा, लेकिन आईसीसी फाइनल के लिए उसी पैनल से अंपायर चुनती है, जो सेमीफाइनल मैचों को सुपरवाइज करती है। ऐसे में अलीम डार के अब विश्व कप फाइनल मैच में भी अंपायरिंग करने की कोई संभावना नहीं है। बता दें कि अलीम डार दुनिया के बेहतरीन अंपायरों में शुमार किए जाते हैं और 2007 और 2011 के विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग भी कर चुके हैं।
विवाद में अलीम डार
अलीम डार के नहीं चुने जाने के पीछे क्या इंडिया और बांग्लादेश के बीच हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान उपजा विवाद है? जानकार इसे अलीम डार के फाइनल और सेमीफाइनल मैचों में अंपायरिंग न करने से जोड़कर देख रहे हैं। मैच में भारतीय ओपनर रोहित शर्मा को 90 रनों के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला था। दरअसल, रोहित शर्मा सेन्चुरी के करीब थे और रोबेल हुसैन की बॉल पर लपक लिए गए। लेकिन अलीम डार ने इस गेंद को नो बॉल करार दे दिया। इसके बाद रोहित ने सेन्चुरी लगाकर टीम इंडिया को जीत में अहम भूमिका निभाई। अलीम डार ने बॉल को कमर के ऊपर बताकर 'नो बॉल' करार दिया था। हालांकि, रीप्ले में ऐसा लग नहीं रहा था। बाद में आईसीसी के प्रेसिडेंट मुस्तफा कमाल और बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना तक ने भारत की जीत के लिए अंपायरों की भूमिका को संदेह के घेरे में बताया था। दोनों ने पक्षपात का आरोप लगाया था।
अलीम डार का करियर
पाकिस्तान के अलीम डार उन चुनिंदा अंपायर्स में शामिल हैं, जो दो वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबलों में फील्ड अंपायर रहे हैं। डार 171 वनडे मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुके हैं। वर्ल्ड कप-2007 में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच किंग्सटन ओवल में खेले गए फाइनल मुकाबले में स्टीव बकनर के साथ फील्ड अंपायर की भूमिका में थे। साउथ अफ्रीका के रुड़ी कर्टजन टीवी अंपायर थे। वहीं, वर्ल्ड कप-2011 का खिताबी मुकाबला इंडिया और श्रीलंका के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में भी अलीम डार फील्ड अंपायर थे। उनके साथ दूसरे अंपायर ऑस्ट्रेलिया के साइमन टॉफेल थे।

No comments:

Post a Comment