डूसेलडर्फ (जर्मनी): फ्रांस के आल्प्स पर्वत श्रृंखला में
प्लेन क्रैश करके 150 लोगों का जान लेने वाला जर्मनविंग्स एयरलाइंस का
को-पायलट काफी पहले से ही ऐसा करने का इरादा बना चुका था। उसने गर्लफ्रेंड
रह चुकी महिला से कहा था कि एक दिन हर कोई उसका नाम जान जाएगा। जर्मन अखबार
'बिल्ड' ने एक रिपोर्ट में यह खुलासा किया है।
'बीमारी से परेशान था लुबिज'
'बिल्ड' को दिए इंटरव्यू में 26 वर्षीय फ्लाइट अटेंडेंट मारिया
डब्ल्यू ने बताया कि क्रैश की खबर मिलते ही उसे एक साल पुरानी बात याद आ
गई। मारिया के मुताबिक, आंद्रे लुबिज ने पिछले साल कहा था, "एक दिन मैं कुछ
ऐसा करूंगा जिससे पूरा सिस्टम बदल जाएगा और हर कोई मेरा नाम याद रखेगा।"
रिपोर्ट के अनुसार, मारिया डब्ल्यू ने लुबिज के साथ पिछले साल पांच महीने
तक काम किया था। मारिया ने बताया कि इस दौरान दोनों भावनात्मक तौर पर काफी
नजदीक आ गए थे। विमान क्रैश में लुबिज का नाम सामने आने से मारिया काफी
परेशान हैं। मारिया ने बताया, "अगर लुबिज ने जानबूझकर प्लेन क्रैश किया है
तो उसने अपनी बीमारी और स्वास्थ्य से परेशान होकर किया होगा। उसका सपना था
कि वो लुफ्थांसा एयरलाइंस में बतौर मुख्य पायलट जॉब करे, जो कि व्यावहारिक
रूप से काफी मुश्किल था।"
बीमारी सामने आने के बाद गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप
मारिया के मुताबिक, लुबिज की बीमारी सामने आने के बाद उनका ब्रेकअप हो
गया था। उसने बताया कि लुबिज को रात में डरावने सपने आते थे और वो आधी रात
में उठकर चिल्लाने लगता था, "हम नीचे गिर रहे हैं।" विमान के वॉयस
रिकॉर्डर के ऑडियो से साफ है कि 38 हजार फीट पर आंद्रे लुबिज (27) ने
कॉकपिट का दरवाजा बंद कर लिया था। ऑडियो में मेन पायलट को कॉकपिट का दरवाजा
नॉक करते सुना जा सकता है। बताया जा रहा कि टॉयलेट के लिए कॉकपिट से बाहर
गए पायलट ने दरवाजे को खोलने के लिए कुल्हाड़ी का इस्तेमाल भी किया था,
हालांकि वह कामयाब नहीं हुआ। फ्रेंच अधिकारियों ने बताया कि वॉयस
रिकॉर्डिंग के आधार पर इसे सुसाइड और सामूहिक हत्या का मामला माना जा सकता
है।
डिप्रेशन का शिकार था को-पायलट
जर्मन प्रॉसिक्यूटर्स ने बताया कि लुबिज के घर की तलाशी में
अधिकारियों को मेडिकल डॉक्युमेंट्स मिले हैं, जिनमें उसकी बीमारी और इलाज
का जिक्र है। हालांकि, लुबिज को कौन सी बीमारी थी, इसका खुलासा नहीं किया
गया है। 'बिल्ड' की हालिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया था कि डिप्रेशन
में रहने के कारण 2009 में लुबिज ने मनोरोग विशेषज्ञ से कंसल्ट किया था और
क्रैश से पहले भी वो डॉक्टर्स के संपर्क में था। लुबिज अपने माता-पिता के
साथ मोंटाबोर में रहता था। इसके आलावा ड्यूसेलडर्फ में भी उसका एक
अपार्टमेंट था।
No comments:
Post a Comment