Sunday, 22 March 2015

सेमीफाइनल मुकाबलों की जमीन तैयार, ये हैं वर्ल्ड कप-2015 के FANTASTIC FOUR

वेलिंगटन. वर्ल्ड कप क्रिकेट में एक महीने तक चले लंबे और रोमांचक मुकाबले के बाद अब टॉप चार टीमें तय हो चुकी हैं। इनमें डिफेंडिंग चैम्पियन इंडिया, चार बार के वर्ल्ड कप विजेता ऑस्ट्रेलिया के अलावा मजबूत दिख रहे न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका शामिल हैं। वेलिंगटन में शनिवार को खेले गए आखिरी क्वार्टर फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के हाथों वेस्ट इंडीज की 143 रनों की हार के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली अंतिम टीम का नाम भी तय हो गया। न्यूजीलैंड अब 24 मार्च को ऑकलैंड में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगा। कीवी टीम ने अब तक इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के ग्राउंड पर एक भी मैच नहीं खेला है, लेकिन सेमीफाइनल जीतने की स्थिति में उसे फाइनल खेलने के लिए मेलबर्न जाना होगा। वहीं, 26 मार्च को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया और इंडिया आमने-सामने होंगे।
1. भारत
वनडे रैंकिंग में नंबर दो टीम इंडिया विश्व कप में एक भी मैच हारे बिना सेमीफाइनल तक पहुंची है। टीम इंडिया ने हर मैच में विरोधी टीम के सभी विकेट हासिल करने में कामयाबी हासिल की। टीम के बॉलर्स ने 7 मैच में 70 विकेट झटके। मोहम्मद शमी सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाज बनकर उभरे। शमी को उमेश यादव और मोहित शर्मा की भी मदद मिली। वहीं, अश्विन और जडेजा जैसे स्पिनर्स ने भी वक्त पर विकेट निकाले। बॉलिंग के अलावा बैटिंग में शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली और सुरेश रैना ने मैच विनिंग पारियां खेलीं। कप्तान धोनी ने भी जरूरत पड़ने पर मजबूत पारी (वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ) खेली।
2. ऑस्ट्रेलिया
वनडे की पहली रैंकिंग वाली टीम और आयोजन के को-होस्ट ऑस्ट्रेलिया ने माइकल क्लार्क की कप्तानी में बॉलिंग, फील्डिंग और बैटिंग, सभी क्षेत्रों में दमदार प्रदर्शन किया है। इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया सिर्फ एक मैच न्यूजीलैंड से हारा है। टीम बस क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान के वहाब रियाज के खिलाफ थोड़ा संघर्ष करती दिखी, इसके अलावा अभी तक उसने सभी मैच आसानी से जीते। दिसंबर-जनवरी में हुई सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को भले ही मात दी हो, लेकिन अब वे जानते हैं यह एक बदली हुई टीम है। शायद तभी क्लार्क के सुर बदले हुए हैं और वे धोनी की तारीफ करते दिख रहे हैं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के पास मिचेल स्टार्क की धारदार गेंदबाजी की ताकत है। स्टार्क की परफॉर्मेंस इस वर्ल्ड कप में बेहद सधी हुई रही है। उनकी बल्लेबाजी भी बेहद मजबूत है। 9वें नंबर पर उतरने वाले मिचेल जॉनसन भी बैटिंग कर लेते हैं। ऐसे में, शायद टीम इंडिया को इस बार 10 विकेट लेने का मौका न मिले।
3. साउथ अफ्रीका
वनडे में तीसरी रैंकिंग वाले साउथ अफ्रीका को भले ही लीग मैच में इंडिया के हाथों कड़ी शिकस्त का सामना करना पड़ा हो, लेकिन यह हार टीम को और मजबूत होकर उभरने में मदद करेगी। पूल बी में दूसरे नंबर पर फिनिश करने वाले साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका को हराकर सेमीफाइनल का टिकट पाया। अब सभी की नजरें कप्तान एबी डिविलियर्स पर होंगी, जिन्होंने अभी तक 417 रन स्कोर किए हैं। साउथ अफ्रीका के पास मिलर, अमला और डुप्लेसिस भी हैं, जिनकी बल्लेबाजी विरोधी टीम के लिए खतरा बन सकती है। हालांकि, तेज गेंदबाजी का दारोमदार डेल स्टेन पर है। स्टेन ने इस वर्ल्ड कप में भले ही कोई खास प्रदर्शन नहीं किया हो, लेकिन सेमीफाइनल उनके लिए बड़ा प्लैटफॉर्म साबित हो सकता है। वहीं, इमरान, ताहिर और मोर्कल भी बॉलिंग में कमाल कर सकते हैं।

4. न्यूजीलैंड
टीम इंडिया के अलावा कोई दूसरी टीम जो इस वर्ल्ड कप में नहीं हारी है, तो वह न्यूजीलैंड है। इस आयोजन के को-होस्ट न्यूजीलैंड ने अपने क्लासी क्रिकेट और लोकल कंडीशन का फायदा उठाया। क्वार्टर फाइनल जैसे बड़े स्टेज पर मार्टिन गुप्टिल ने डबल सेंचुरी जड़कर वेस्ट इंडीज को बाहर कर दिया। अब उन्हें दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला करना है। यह मैच ऑकलैंड में होगा, जहां उसे लोकल कंडीशन और दर्शकों के समर्थन का लाभ मिलेगा। अब सब की नजर कप्तान मैक्कुलम के अलावा गुप्टिल पर भी होगी। न्यूजीलैंड के पास किसी भी लक्ष्य का बचाव करने के लिए बेहतरीन गेंदबाजी की ताकत है। टीम साउदी, ट्रेंट बोल्ट और एडम मिल्ने की तेज गेंदबाजी के अलावा वेटरन डेनियल विटोरी की स्पिन भी कमाल दिखा सकती है।

No comments:

Post a Comment