Sunday, 22 March 2015

माइंडगेम शुरू : मैक्सवेल बोले- टीम इंडिया और विराट दोनों का तोड़ हमारे पास

सिडनी. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड कप सेमीफाइनल तय होने के साथ ही 'माइंडगेम' भी शुरू हो गया है। धोनी और क्लार्क के बयान के बाद ग्लेन मैक्सवेल ने इसे आगे बढ़ाया। उन्होंने भारत से मुकाबले पर कहा, "उम्मीद है कि भारत हाल ही में हमसे मिली हार नहीं भूला होगा।" मैक्सवेल ने कहा, "पूरी गर्मियों में वे हमारे खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत पाए। उम्मीद करता हूं कि उन्हें यह अच्छी तरह याद है।" बता दें कि वर्ल्ड कप-2015 के शुरू होने से ठीक पहले टेस्ट सीरीज में 0-2 की हार झेलनी पड़ी। साथ ही, त्रिकोणीय सीरीज में भी भारतीय टीम कोई भी मैच नहीं जीत सकी।
'कोहली को ज्यादा रन नहीं बनाने देंगे'
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने कहा, "हमने ट्राई सीरीज में विराट को ज्यादा रन नहीं बनाने दिए थे। इस बार भी ऐसा ही होगा।" मैक्सवेल ने हालांकि लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए भारतीय टीम की तारीफ भी की। मैक्सवेल ने कहा, "हमें इस हफ्ते उनके खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।" मैक्सवेल ने कहा, "हमारी टीम में अभी इस संबंध में कोई चर्चा नहीं हुई है, लेकिन टेस्ट और त्रिकोणीय सीरीज में अपनाई गई योजनाएं ही यहां मुख्य रूप से काम करेंगी।"

'आईपीएल से जुदा है माहौल और हम हैं बेस्ट'
मैक्सवेल ने कहा, "भारतीय टीम बहुत मजबूत है। वे अगर अच्छा नहीं खेल रहे होते तो सेमीफाइनल में नहीं होते। हमें उनके खिलाफ सबसे अच्छा खेल दिखाना होगा।" यह पूछे जाने पर कि क्या इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ खेलते रहने के अनुभव का फायदा उन्हें यहां भी मिलेगा, "मैक्सवेल ने कहा कि आईपीएल और वर्ल्ड कप के मैचों में दबाव और परिस्थिति में बहुत अंतर है।" मैक्सवेल ने कहा कि आईपीएल में रविचंद्रन अश्विन या रविंद्र जडेजा के खिलाफ खेलना अधिक मायने नहीं रखता क्योंकि राष्ट्रीय टीम में उनकी भूमिका अलग है।

No comments:

Post a Comment