Friday, 1 May 2015

अरुण शौरी बोले- मोदीनॉमिक्स फेल, मोदी-शाह-जेटली चला रहे बीजेपी


नई दिल्ली. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री रहे अरुण शौरी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। शौरी ने कहा है कि बीजेपी को मोदी,शाह और जेटली की त्रिमूर्ति चला रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए शौरी ने कहा कि देश के आर्थिक हालात को संभालने में मोदीनॉमिक्स फेल होती दिखाई दे रही है। इसके अलावा उन्होंने अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों पर प्रधानमंत्री द्वारा आंखें मूंद लेने का आरोप भी लगाया। अरुण शौरी ने ये बातें एक अंग्रेजी चैनल से बातचीत में कही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में सूचना प्रसारण मंत्री और विनिवेश मंत्री रहे शौरी आर्थिक सुधारों के दिशा में प्रमुखता से आवाज उठाते रहे हैं। वाजपेयी सरकार में पार्टी के कद्दावर नेताओं में गिने जाने वाले शौरी मोदी सरकार में फिलहाल हाशिए पर हैं।
सिर्फ हेडलाइंस में बने रहने के लिए काम कर रही है सरकार
मोदी सरकार ने आर्थिक विकास की दर के 8 फीसदी और बहुत जल्द इसके 10 फीसदी के करीब होने के दावे पर भी शौरी बरसे। उन्होंने कहा कि ये सरकार के बड़बोलेपन को दिखाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे दावे कुछ देर के लिए हेडलाइंस तो बन सकते हैं, लेकिन हकीकत में ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मोदीनॉमिक्स दिशाहीन तरीके से काम कर रही है। शौरी ने कहा कि सरकार के पास दावे हैं लेकिन आर्थिक योजनाओं का कोई खाका नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा दिखाई देता है कि सरकार सिर्फ हेडलाइंस में बने रहने के लिए काम कर रही है ताकि उसकी योजनाओं को मीडिया में जगह मिलती रहे।
सरकार ने अब तक कुछ खास नहीं किया
मोदी सरकार की उपलब्धियों की सूची को खारिज करते हुए शौरी ने कहा कि महंगाई, फिस्कल डेफिसिट, एफडीआई, कोल ब्लॉक और स्पेक्ट्रम नीलामी जैसे मुद्दों पर शौरी ने कहा कि इन चीजों के नतीजे कुछ ऐसे ही आने थे। इसमें सरकार ने कुछ नहीं किया है। मसलन- तेल और गैस की कीमतों में कमी का मसला अंतरराष्ट्रीय मामला है] इसमें सरकार ने कुछ नहीं किया।
मोदी के महंगे सूट पर भी साधा निशाना
शौरी से जब अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के दिल्ली दौरे के दौरान पहने गए मोदी के महंगे सूट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ''मैं खुद नहीं समझ पा रहा हूं कि उन्हें ऐसा करने और दिखाने की क्या जरूरत थी।'' शौरी ने आरोप लगाया कि आप लाखों का सूट पहन कर गांधीजी का नाम नहीं ले सकते।

J&K में फिर फहराए गए पाक झंडे, गिलानी ने दी अमरनाथ यात्रा पर चेतावनी

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के त्राल में शुक्रवार को अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी की रैली में एक बार फिर पाकिस्तानी झंडे फहराए गए। गिलानी ने राज्य की मुफ्ती मोहम्मद सईद सरकार को चेतावनी दी कि अमरनाथ यात्रा एक महीने से ज्यादा वक्त नहीं चलनी चाहिए। बता दें कि इससे पहले, श्रीनगर में हुई एक रैली में अलगाववादी नेता मसरत आलम ने पाकिस्तानी झंडा फहराया, जिसके बाद काफी विवाद हुआ। इस रैली में गिलानी भी शामिल हुआ था। इस मामले में मसरत जेल में है और उस पर देशद्रोह का मामला भी दर्ज हुआ है।
पुलिस को चकमा देकर त्राल पहुंचा गिलानी
हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े का नेता सैयद अली शाह गिलानी पुलिस को चकमा देकर दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल पहुंचा था। वह यहां जुमे की नमाज में हिस्सा लेने आया थ। पुलिस को इस बात की खबर थी कि गिलानी त्राल जा सकता है। इस वजह से एक पुलिस पार्टी शुक्रवार सुबह हैदरपोरा स्थित अलगाववादी नेता के घर पहुंची। हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता अयाज अकबर ने बताया कि हम जानते थे कि पुलिस गिलानी को फिर नजरबंद करने आएगी। लेकिन गिलानी इससे पहले ही त्राल चला गया।
त्राल ही क्यों गया गिलानी?
त्राल के कमल फॉरेस्ट एरिया में दो युवकों की 13 अप्रैल को मुठभेड़ में मौत हुई थी। स्थानीय लोगों और अलगाववादी नेताओं का दावा है कि यह फर्जी मुठभेड़ है। गिलानी इस कथित फर्जी मुठभेड़ के बाद पिछले एक पखवाड़े में कई बार त्राल जाने की कोशिश कर चुका है। लेकिन हर बार पुलिस ने उसकी कोशिशें नाकाम कर दी थीं। 15 अप्रैल से पुलिस ने उसे नजरबंद कर रखा था। इस बार वह पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। गिलानी ने सात साल बाद कश्मीर घाटी में जुमे की नमाज के बाद किसी जमावड़े को संबोधित किया।
अपने आकाओं को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं अलगाववादी : नकवी
कश्मीर में फिर पाकिस्तानी झंडे नजर आने के बाद केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा- ये अलगाववादी अपने आकाओं को खुश करने के लिए ऐसी हरकतें कर रहे हैं। इन्हें निराशा हाथ लगेगी। अलगाववादियों को समझना होगा कि यह देश कभी तालिबानी विचारधारा से नहीं चलेगा। यह देश विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ेगा। देश और जम्मू कश्मीर की जनता अमन चाहती है।
2008 में भी अमरनाथ यात्रा काे लेकर हो चुका है टकराव
अमरनाथ यात्रा इस वर्ष 2 जुलाई से शुरू होनी है। यह 29 अगस्त तक चलेगी। करीब दो महीने चलने वाली अमरनाथ यात्रा को लेकर 2008 में भी विवाद हो चुका है। तब जम्मू कश्मीर सरकार ने 800 कनाल वन भूमि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड को सौंपने का फैसला किया था। लेकिन इसके विरोध में अलगाववादियों ने कश्मीर में हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिए। जवाब में जम्मू में श्री अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति ने प्रदर्शन शुरू किए। कई जिलों में लंबे समय तक कर्फ्यू रहा। कई लोगों की मौत हुई। सेना बुलाई गई। दो महीने तक राज्य में अशांति के बाद सरकार और संघर्ष समिति के बीच सहमति बनी। 40 हेक्टेयर जमीन श्राइन बोर्ड को दी गई।

नेपाली दूतावास पहुंचे राहुल ने मोबाइल देख लिखा संदेश, टि्वटर पर उड़ा मजाक

नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को नेपाली दूतावास पहुंचे। वे यहां भूकंप पीड़ितों के लिए शोक संवेदना जाहिर करने आए थे। उन्होंने दूतावास के लोगों से त्रासदी के बारे में जानकारी ली। बाद में विजिटर्स डायरी में शोक संदेश भी लिखा। खास बात यह है कि राहुल मोबाइल से देखकर विजिटर्स डायरी में संदेश लिखते नजर आए। इसके बाद, साेशल मीडिया पर उनका जमकर मजाक उड़ा। बता दें कि शनिवार को नेपाल में आए भूकंप से अब तक 6 हजार से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
राहुल ने नेपाल के राजदूत दीपकुमार उपाध्याय से मुलाकात की। मुलाकात के बाद राहुल ने मीडिया को बताया- ‘मैं यहां आकर नेपाल के लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं और समर्थन जाहिर करना चाहता था। मैंने मदद की कोशिशों में पहले से अपना योगदान दिया है। लेकिन यहां मैंने राजदूत से कहा कि अगर वे और मदद चाहते हैं तो हमें बताएं।’ राहुल के बाद उपाध्याय ने कहा- कांग्रेस ने मदद की पेशकश की है। उनकी पार्टी से कोई व्यक्ति यहां आएगा।
राहुल ने क्या लिखा शोक संदेश?
राहुल ने विजिटर्स डायरी में लिखा- नेपाल में आई इस त्रासदी का खतरनाक मंजर पिछले एक हफ्ते से दुनिया के सामने आ रहा है। कुछ जख्म कभी नहीं भरेंगे। लेकिन नेपाल अगर हर व्यक्ति की जिंदगी को दोबारा शुरू करने और इमारतों को दोबारा खड़ा करने की मुश्किल चुनौती का सामना कर रहा है तो भारत की जनता भी नेपाल के साथ है। आने वाले वर्षों में हम ज्यादा मजबूत, ज्यादा खुशहाल और ज्यादा खूबसूरत नेपाल देखेंगे। ऐसा नेपाल जिसकी जिंदादिली निराशा को खत्म कर देगी और दुनिया को प्रेरित करेगी।
राहुल का सोशल मीडिया पर कुछ यूं उड़ा मजाक

@nishant38333
आपदा नेपाल मे आई है, राहुल Nepal Embassy चले गए. और शोक सन्देश mobile से टीप कर लिख दिया! @twitter पर लोग ऐसी ही हरकत का वेट कर रहे थे।
-------------
@dushyantkh
दो लाइन खुद नहीं लिख सकता और इसको PM बनना है।
-------------
@instant31045
अगर nepal Embassy का कोई वॉट्सऐप नंबर होता तो राहुल गांधी अपना शोक संदेश मैसेज कर सकते थे।
--------
@miracle_singh
राहुल ऑन कैमरा मोबाइल से मैसेज कॉपी करते देखे गए। …वैसे कोई बात नहीं।
----------
@saviteshmishra
राहुल को मोबाइल पर स्क्रिप्ट भेजी गई थी जिसे उन्होंने रजिस्टर में लिख दिया।
------
@being_delhite
57 दिन की छुट्टी में राहुल को स्पोकन इंग्लिश की ट्रेनिंग तो मिली, लेकिन Written इंग्लिश की नहीं।

साउथ इंडियन एक्ट्रेस का आरोप- कमरे में दाखिल होकर होटल स्टाफ ने की छेड़छाड़

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी में शूट हो रही एक बॉलीवुड फिल्म में काम रही साउथ इंडियन खुशी मुखर्जी ने यहां एक होटल स्टाफ पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। एक्ट्रेस का कहना है कि रात को जब वह अपने कमरे में सोई हुई थीं, तो एक होटल स्टॉफ ने कमरे में दाखिल होकर उनके साथ बदसलूकी की। हालांकि, होटल प्रबंधन ने एक्ट्रेस पर आरोप लगाया है कि वह सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसा कर रही हैं। होटल प्रबंधन का यह भी कहना है कि एक्ट्रेस शराब पीकर होटल आई थीं। पुलिस ने इस मामले में केस रजिस्टर कर लिया है। बता दें कि फिल्म की शूट के लिए खुशी 15 दिनों से भोपाल में हैं। तमिल फिल्म अंजलतुरई (2013) और उसके बाद दो तेलुगू फिल्म 'डोंगाप्रेमा' और 'हार्ट अटैक' कर चुकीं खुशी मुखर्जी की यह पहली बॉलीवुड फिल्म है।
क्या कहना है एक्ट्रेस का
एक्ट्रेस का कहना है कि वह शुक्रवार रात अपने कमरे में सोई हुई थीं कि तभी दीपक नाम का होटल स्टाफ कमरे में दाखिल हुआ। एक्ट्रेस के मुताबिक, वह कमरे में आया और उन्हें छूने की कोशिश की। इस पर वह जोर से चिल्लाईं जिसके बाद वह भाग गया। एक्ट्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि होटल प्रबंधन ने इस मामले में कोई एक्शन नहीं लिया।
क्या कहना है होटल प्रबंधन का
होटल के मैनेजर अब्दुल जमीर का कहना है कि रात को तीन बजे कमरे का दरवाजा खुला था। होटल स्टॉफ ने दरवाजा बंद कराने के लिए घंटी बजाई, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला तो वह अंदर चला गया। होटल प्रबंधन का कहना है कि एक्ट्रेस सिर्फ पब्लिसिटी के लिए ऐसा कर रही हैं।
एक्ट्रेस के साथ पहले हो चुका है हादसा
खुशी मुखर्जी पिछले दिनों घायल हो गई थीं। उनका होंठ कट गए थे और हाथ में चोट आई थी। उनका कहना था कि सुबह हड़बड़ी में फोन कॉल उठाने के चक्कर में बिस्तर से गिर पड़ी थीं।

श्रेयस-मयंक की हाफ सेन्चुरी, दिल्ली ने पंजाब को एकतरफा 9 विकेट से हराया

नई दिल्ली. आईपीएल-8 के 31वें मुकाबले में दिल्ली डेयरडेविल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को 9 विकेट से हरा दिया। दिल्ली ने कुल्टर (4 विकेट) और जहीर खान (2 विकेट) की बेहतरीन बॉलिंग की बदौलत पंजाब किंग्स इलेवन को पहले 118 रन के मामूली स्कोर पर रोका। इसके बाद श्रेयस अय्यर (54) और मयंक अग्रवाल (52*) की हाफ सेन्चुरी की बदौलत 13.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाते हुए जीत दर्ज की। सौरभ तिवारी 5 रन बनाकर नाबाद लौटे। यह 8 मैच में दिल्ली की चौथी जीत है, जबकि उतने ही मुकाबले में छठी हार है। 4 विकेट चटकाने वाले नाथन कुल्टर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहले विकेट के लिए निर्णायक 106 रन की सोझेदारी
118 रन के छोटे टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद शानदार रही। ओपनर बैट्समैन श्रेयस अय्यर और मयंक अग्रवाल ने 12.3 ओवर्स में शानदार 106 रन जोड़ते हुए दिल्ली को दिलाई। श्रेयस अय्यर ने 40 बॉल में 4 चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि मयंक अग्रवाल ने 40 बॉल में 6 चौके और एक छक्के जमाए। श्रेयस अय्यर को शार्दुल ठाकुर ने अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। हालांकि इस विकेट का मैच रिजल्ट पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला था। सौरभ तिवारी और मयंक ने बाकी की कसर पूरी की।
पंजाब ने बनाए 118 रन
नाथन कुल्टर (20/4) की घातक बॉलिंग की बदौलत दिल्ली ने पंजाब को सिर्फ 118 रन के स्कोर पर रोक लिया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके चार टॉप ऑर्डर बैट्समैन सिर्फ 10 रन के टीम स्कोर पर आउट हो गए। एक बार लग रहा था कि पंजाब 50 रन भी नहीं बना पाएगी, लेकिन डेविड मिलर (42), अक्षर पटेल (22) और कप्तान जॉर्ज बैली के 18 रन की बदौलत पंजाब 118 रन तक पहुंच सकी। आईपीएल-8 में अपना पहला मैच खेलने वाले जहीर खान ने जोरदार बॉलिंग की और 4 ओवर्स में 17 रन देकर 2 विकेट झटके। जेपी डुमिनी और अमित मिश्रा के नाम एक-एक विकेट रहे।
जहीर खान की दमदार बॉलिंग
सबसे पहले वीरेंद्र सहवाग (1) मैच की दूसरी ही गेंद पर जहीर खान के शिकार हुए। जहीर ने उन्हें प्वाइंट पर एंजिलो मैथ्यूज के हाथों कैच कराया। अगले ही ओवर में डेयरडेविल्स के कप्तान जेपी डुमिनी ने शॉन मार्श (5) को पगबाधा कर पवेलियन की राह दिखाई। मैच के तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर जहीर ने मनन वोहरा (1) को विकेट के पीछे केदार जाधव को हाथों कैच कराकर किंग्स इलेवन को तीसरा झटका दिया। अगले ओवर में नाथन कुल्टर ने रिद्धिमान साहा (3) को पवेलियन भेजा। किंग्स इलेवन की ओर से अक्षर पटेल (22) और डेविड मिलर (42) ने सातवें विकेट के लिए 57 रनों की। दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से कुल्टर के अलावा जहीर ने दो जबकि डुमिनी तथा अमित मिश्रा ने एक-एक सफलता हासिल की।

गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा का बर्थडे मनाने के लिए मुंबई में हैं विराट कोहली

खेल डेस्क. इन दिनों आईपीएल में बिजी क्रिकेटर विराट कोहली गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा के बर्थडे के लिए मुंबई में हैं। अनुष्का 1 मई को 27 साल की हो गई हैं। उनके बर्थ डे के लिए विराट आईपीएल से वक्त निकालकर मुंबई पहुंचे। गौरतलब है कि स्टार्स की लव स्टोरी पिछले काफी दिनों से चर्चा में है। आईपीएल-8 के शुरुआती कुछ मैचों में अनुष्का भी विराट को चीयर करते हुए स्टेडियम में देखी गई थीं। वो विराट के साथ टीम की बस में भी सफर कर रही थीं।
अब खुलकर बात करते हैं विराट
पिछले साल अनुष्का शर्मा के साथ डिनर डेट पर स्पॉट किए जाने के बाद विराट ने मीडिया से कहा था कि उन्हें अपने रिलेशनशिप पर कुछ बोलने की जरूरत नहीं। जो है वो सबके सामने है। इसके बाद से ही ये दोनों स्टार्स कई जगह एक दूसरे के साथ स्पॉट किए जा चुके हैं। वर्ल्ड कप 2015 में भी सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया और विराट को चीयर करने अनुष्का ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में पहुंची थीं। हालांकि, मैच में हार के बाद उन्हें फैन्स का गुस्सा भी झेलना पड़ा था। लेकिन इस घटना के बाद विराट और अनुष्का ने कहा था कि इससे उनका रिश्ता और मजबूत हुआ है। इसके बाद अनुष्का कई दिनों तक दिल्ली में थीं और विराट के घर भी गई थीं। साथ ही ये भी खबर आई थी कि सुरेश रैना की शादी मिस कर विराट गर्लफ्रेंड अनुष्का को अपनी मां से मिलवाने ले गए थे।

जेल में बंद निलंबित IAS ने दोस्त की हत्या के लिए दी थी सुपारी

पानीपत। हरियाणा में शिक्षकों की भर्ती से जुड़े घोटाले के मामले में सजा काट रहे निलंबित आईएएस संजीव कुमार को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया है। उस पर अपने साथी के ऊपर जानलेवा हमला कराने की साजिश रचने का आरोप है। खास बात यह है कि आईएएस ने ये साजिश जेल में रहकर रची थी। गौरतलब है कि पिछले साल जून से स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर आईएएस जेल से बाहर है।
गैंगस्टर ने किया खुलासा
मामले का खुलासा संजीव कुमार से इस वारदात को अंजाम देने के लिए सुपारी लेने वाले गैंगस्टर शौकत पाशा ने किया। उसने दिल्ली पुलिस को पूछताछ के दौरान कई खुलासे किए। पुलिस ने गैंगस्टर के साथ-साथ दो शार्प शूटर्स को भी पकड़ा है। पाशा का आरोप है कि संजीव कुमार के साथी पर हमला करने के लिए इन्हें ही सुपारी दी गई थी।
चौटाला को घेरने की थी तैयारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, निलंबित आईएएस संजीव कुमार खुद पर हमला करवाकर इसका आरोप ओम प्रकाश चौटाला पर लगाना चाहता था। इसके साथ-साथ उसने गैंगस्टर को अपने साथी पर हमला करने की भी सुपारी दे रखी थी। संजीव कुमार का अपने साथी के साथ पैसे के लेन-देन का विवाद था। पुलिस के मुताबिक, उसने गैंगस्टर को कहा था कि साथी को तो गोली लगनी चाहिए, जबकि उसे गोली छूकर निकलनी चाहिए, ताकि साथी को गोली लगने के बाद पैसे का विवाद भी खत्म हो जाए और इस हमले का आरोप चौटाला परिवार पर डाला जा सके।