नई दिल्ली । भारतीय सेना द्वारा पीओके में देर रात किए गए सर्जिकल
स्ट्राइक पर राजनेताओं की ओर से एक सुर में सराहना मिल रही है। पूरा
राजनीतिक जगत एकजुट हो भारतीय सैनिक के इस साहस को सलाम कर रहा है। इस क्रम
में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सरकार के इस कदम को सराहनीय बताया
और कहा कि देश की सुरक्षा के लिए किसी भी काम में हम सरकार के साथ हैं।
रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने भी ट्वीट कर इस सफल ऑपरेशन के लिए सेना को
बधाई दी है। पर जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सीमा पर बढ़े
तनाव के प्रति चिंता जतायी है।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और राज्यवर्द्धन राठौर ने भारतीय आर्मी और
प्रधानमंत्री को इस साहसी कदम के लिए बधाई दिया। वहीं केंद्रीय मंत्री
गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर कहा कि अब खेल शुरू हो गया है। दिल्ली के
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस समय पूरा देश भारतीय सेना के साथ
खड़ा है। उधर शाहनवाज हुसैन ने इसे सभी आतंकवादियों के लिए सबक बताया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी
पूरे दिल से भारतीय सेना द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के
ठिकानों पर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक का समर्थन करती है। हमारे देश के
जांबाज सिपाहियों को हमारा सलाम।'
भारतीय जनता के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आज हर
देशवासी को भारतीय सेना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गर्व महसूस हो रहा
है, वो हल्ला नहीं मचाते, करके दिखाते हैं। साथ ही लिखा है कि आज 56 इंच
के सीने वाले नेता ने, सभी देशवासियों का सीना 66 इंच का कर दिया। ये तो बस
शुरुआत है। केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा, 'उड़ी हमले से भारत में
रोष था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि आतंकी हमले बर्दाश्त नहीं
किए जाएंगे। हाल के दिनों में घुसपैठ की कोशिशें भी बढ़ीं। पाकिस्तान से
हर मुद्दे पर बात की कोशिश की, लेकिन कोई नतीजा सामने नहीं आया। पाकिस्तान
आतंकवाद का समर्थन करता है। लेकिन उम्मीद है कि पाकिस्तान अब बाज आ जाएगा।
पाकिस्तान को अपने क्षेत्र में शांति बनाए रखने पर काम करना चाहिए। सेना और
पीएम मोदी के हाथों में देश महफूज है।
भारतीय सेना द्वारा पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक किए जाने पर केंद्रीय गृह
राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने कहा, 'सेना के इस कदम का हम स्वागत करते हैं।
हम आशा करते हैं कि पाकिस्तान को इससे सबक मिलेगा और वह अपनी नापाक हरकतों
से बाज आ जाएगा।'
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर में
भारतीय सेना द्वारा आतंक के लॉन्च पैड्स पर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के लिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेना को बधाई देता हूं। सर्जिकल स्ट्राइक से
आतंकवादियों को भारी नुकसान हुआ लेकिन भारतीय सेना का कोई जवान इस सर्जिकल
स्ट्राइक में घायल नहीं हुआ है। यह दिखाता है कि हम राष्ट्र की सुरक्षा के
लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके साथ ही में भारतीय सेना के उन जांबाज सिपाहियों
को सलाम करता हूं, जिन्होंने उन्हें माकूल जवाब दिया जो मासूम भारतीयों पर
हमला करते हैं और आतंकवाद फैलाते हैं।
इधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि इस समय पूरा
देश भारतीय सेना के साथ खड़ा है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'भारत माता की
जय। पूरा देश भारतीय सेना के साथ है।' शाहनवाज हुसैन ने कहा कि हमारे
सुरक्षाबलों को हम सलाम करते हैं, जिन्होंने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब
दिया है। सेना ने पीओके में जाकर आतंकवादियों को निशाना बनाया है। यह सभी
आतंकवादियों के लिए सबक है। हमें आत्मरक्षा करने का हक है।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक तब किया गया,
जब पाकिस्तान ने हमारे सामने कोई रास्ता नहीं छोड़ा है। पाकिस्तान लगातार
अपनी जमीन पर आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। भारतीय सेना का यह कदम एक
उदाहरण है कि हम कैसे सीमापार के आतंकवाद को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध
हैं। कांग्रेस नेता राज बब्बर ने कहा, 'अगर हमारी सेना ने निर्णय लिया है,
तो पूरा राष्ट्र उनका समर्थन करेगा।'
पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने भारतीय सेना को सफल
सर्जिकल स्ट्राइक के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नमो सरकार आंतकवाद के
खिलाफ जंग लड़ने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है। जम्मू और कश्मीर के
डिप्टी सीएम निर्मल सिंह ने कहा कि पाकिस्तान एक आतंकवादी देश की तरह
व्यवहार कर रहा है, उसे माकूल जवाब देना जरूरी था। यह स्ट्राइक भारतीय सेना
का हौसला बढ़ाएगी।
बता दें कि भारत ने पहली बार सीमा पार जाकर पीओके में देर रात सर्जिकल
स्ट्राइक को अंजाम दिया। भारतीय डीजीएमओ के अनुसार, इस सर्जिकल स्ट्राइक
में आतंकियों को भारी नुकसान हुआ है। पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
करते हुए भारत के डीजीएमओ ने कहा कि भारत ने बीती रात पीओके में सर्जिकल
स्ट्राइक किया। इस कार्रवाई को स्पेशल कमांडो द्वारा अंजाम दिया जाएगा।
वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने सर्जिकल स्ट्राइक की निंदा की
है और कहा कि उसकी शांति की चाह को कमजोरी ना समझा जाए।
No comments:
Post a Comment