Saturday, 5 December 2015

वाजपेयी की नीति पर चलने से कश्मीर मुद्दे का हल संभव: महबूबा मुफ्ती

पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को हिन्दुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में कश्मीर समेत तमाम मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि कश्मीर मुद्दे के समाधान में कश्मीरियों और पाकिस्तान की भूमिका को स्वीकार करने की पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की नीति से विवाद को सबसे बेहतर तरीके से सुलझाया जा सकता है।

महबूबा मुफ्ती ने संकेत दिया कि सीमाओं में बदलाव या इलाकों की अदला-बदली, कश्मीर मुद्दे का हल नहीं हो सकता। उन्होंने इस बात की आशंका से इनकार किया कि इस्लामिक स्टेट जम्मू-कश्मीर में पैठ बना रहा है। साथ ही आईएस को इस्लाम के सिद्धांतों के खिलाफ बताया। महबूबा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता से संवाद करने और पाकिस्तान की भूमिका को समाहित करने वाली वाजपेयी की नीति का कोई विकल्प नहीं है।

उन्होंने कहा, 'यह कश्मीर को किसी को देने का मसला नहीं है, आप ऐसा नहीं कर सकते। मेरे पिता वाजपेयी की प्रक्रिया को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाना चाहते हैं। जो कुछ मेरे पिता ने वाजपेयी के समय में किया था और जिसे डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार में आगे बढ़ाया गया, उसे नजरअंदाज कर दिया गया है।'

हालांकि पीडीपी नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर कहते हैं कि वह कश्मीर पर वाजपेयी नीति का अनुसरण करना चाहते हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या मोदी वाजपेयी की नीति को अपना रहे हैं, मुफ्ती ने कहा कि धीरे-धीरे वह इसकी ओर बढ़ रहे हैं, हम देख रहे हैं कि सुषमा स्वराज पाकिस्तान जा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी महबूबा गठबंधन सरकार में पर्दे के पीछे से अहम भूमिका निभा रही हैं। महबूबा ने बताया कि भाजपा से गठबंधन के लिए उनकी पार्टी का पहला एजेंडा था कि राज्य को विशेषाधिकार देने वाले अनुच्छेद 370 से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी। उन्होंने देश से कश्मीर में शांति का समर्थन करने के साथ कश्मीरियों के दुख-दर्द को समझने की अपील की।

मुख्यमंत्री बनने के बारे में सोचना नहीं चाहती
मुफ्ती मोहम्मद सईद के स्थान पर मुख्यमंत्री बनने की क्या संभावना है, इस पर उन्होंने कहा, मैं इस सवाल से सहज नहीं हूं। मैं इस बारे में नहीं सोचना चाहती। मैं जनता के लिए काम कर रही हूं और आगे भी करती रहूंगी।

सहिष्णुता भारत की ताकत, अतिवादी तत्वों पर अंकुश लगे
पीडीपी की वरिष्ठ नेता महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि सहिष्णुता भारत की ताकत है, हिंदुत्व के नाम पर सक्रिय अतिवादी तत्वों पर अंकुश लगना चाहिए। उन्होंने इन तत्वों की तुलना इस्लाम का दुरुपयोग करने वाले आईएस तत्वों से की।

उन्होंने कहा कि हिंदुत्व ने हमें सहिष्णुता दी, जबकि इस्लाम ने समानता और ईसाइयत ने संवेदनशीलता और त्याग की सीख दी। महबूबा ने कहा, 'हमारे देश में सहिष्णुता देश की ताकत है, लेकिन अतिवादी तत्व भी हैं जो हिंदुत्व के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं और वे इसकी तुलना राष्ट्रवाद से करते हैं जो और भी खराब बात है। सीरिया, अफगानिस्तान, इराक में क्या हो रहा है, क्योंकि वे भी अतिवादी तत्व हैं जो इस्लाम के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं।' महबूबा ने कहा, 'जब लोग बढ़ती महंगाई से संघर्ष करने का प्रयास कर रहे हों, उन्हें प्याज नहीं मिलती हो और अचानक 'कुछ लोग यह कहना शुरू कर दें कि एक व्यक्ति को कौन सा मांस खाना चाहिए। यह नहीं होना चाहिए। यह स्वीकार्य नहीं।'

आईएस के उभार के लिए अमेरिका जिम्मेदार
मुफ्ती ने कहा कि आईएस के बढ़ते प्रभाव के लिए अफगानिस्तान और इराक में अमेरिकी सैन्य अभियान जिम्मेदार है, जिससे कुछ मुस्लिमों में पीडि़त होने की भावना पनपी। लेकिन यह दुनिया की जिम्मेदारी है कि आईएस की करतूतों के लिए मुस्लिमों को जिम्मेदार या संदेह की निगाह से न देखा जाए। भारतीय मुस्लिमों को सलाम करने की जरूरत है। दुनिया भर से लोग कश्मीर आए और हथियार उठाए, लेकिन भारतीय मुस्लिमों ने ऐसा नहीं किया

मैं कंगना के काम से प्रेरणा लेती हूं : करीना

बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान का कहना है कि  वह अभिनेत्री कंगना रणौत की फिल्मों में अदा की जाने वाली भूमिकाओं से हमेशा प्रभावित रही हैं और वह उनके काम से प्रेरणा लेती हैं. गौरतलब है कि ‘क्वीन', ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' जैसी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए कंगना काफी तारीफ बटोर चुकी हैं. 
हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में करीना ने कहा, ‘इंडस्ट्री में कई लोग हैं जो मुझे प्रेरित करते हैं....कंगना मुझे प्रेरित करती हैं. वह बहुत अच्छा काम कर रही हैं.' कंगना इनदिनों आगामी फिल्‍म 'रंगून' को लेकर खासा व्‍यस्‍त हैं. फिल्‍म में शाहिद कपूर और सैफ अली खान भी मुख्‍य भूमिका में हैं. फिल्‍म को निर्देशन विशाल भारद्वाज कर रहे हैं. 
करीना ने कहा, ‘मैं हमेशा से अदाकारा बनना चाहती थी और मैंने इसे तब समझा जब मैं काफी छोटी थी. मैं जब छोटी थी तो अक्षय कुमार और सलमान खान को देखा करती थी.....मैं कहा करती थी कि एक दिन मैं उनके साथ काम करुंगी. मेरी बहन करिश्मा कपूर कहा करती थी दफा हो जाओ और स्कूल जाओ.'

सनी लियोन नहीं करेंगी रणबीर की फिल्‍म में कैमियो

बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन ने करण जौहर के निर्देशन में बनने वाली अगली फिल्म ‘ए दिल है मुश्किल' में नजर आने संबंधी खबरों का खंडन किया है. खबरों में बताया गया था कि रणबीर कपूर, ऐश्वर्या राय बच्चन और अनुष्का शर्मा की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म में सनी एक विशेष भूमिका में नजर आने वाली हैं. 
यह पूछे जाने पर कि क्या वह रोमांटिक फिल्म में नजर आने जा रही हैं सनी ने बताया, ‘यह सही नहीं है. लोगों को भ्रांति फैलाने वाली खबरें बनाना पसंद है. मुझ पर यकीन करें, अगर मैं कुछ कर रही होती हूं तो मैं उसे हमेशा ट्वीट करती हूं. मैं क्या करने जा रही हूं उसके बारे में हमेशा सबको बताती हूं. हम लोग इस बारे में बहुत खुलापन रखते हैं.' 
‘एक पहेली लीला' की 34 वर्षीया अभिनेत्री ने उन अफवाहों का भी खंडन किया जिसमें कहा गया था कि सोहेल खान की अगली फिल्म में अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करने के लिए उसने संपर्क किया है. उन्होंने कहा, ‘नहीं, यह सही नहीं है. मैंने इसके लिए संपर्क नहीं किया है. नहीं.' 
बहरहाल, अभिनेत्री अपने प्रोडक्शन हाउस की आने वाली एक फिल्म में सुपरवुमैन की भूमिका निभाने जा रही हैं. सनी की अगली फिल्म ‘मस्तीजादे' आने वाली है जो अगले साल 29 जनवरी को सिनेमा घरों में प्रदर्शित होगी.

दिल्ली टेस्ट: कोहली, रहाणे के अर्धशतक, भारत को 403 रनों की बढ़त

viratrahane3.jpg
कप्तान विराट कोहली (नाबाद 83) और अजिंक्य रहाणे (नाबाद 52) के शानदार अर्धशतकों की मदद से भारत ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर जारी चौथे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 190 रन बना लिए हैं। भारत की कुल बढ़त 403 रनों की हो गई है।

भारत ने दिन की शुरआत करते हुए कुल 81 ओवरों का सामना किया और 2.34 के औसत से रन बटोरे। खराब रोशनी के कारण नौ ओवर का खेल नहीं हो सका। भारत ने पहले और दूसरे सत्र में दो-दो विकेट गंवाए। इसके बाद कोहली और पहली पारी के हीरो रहाणे ने टीम कोई और नुकसान नहीं होने दिया।

कप्तान के तौर पर दिल्ली में पहला टेस्ट खेल रहे कोहली ने अपनी अब तक 154 गेंदों का सामना कर 10 चौके लगाए हैं जबकि रहाणे ने अब तक 152 गेंदों पर पांच चौके जड़े हैं। इन दोनों के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी हुई है।यह इस सीरीज की अब तक की पहली शतकीय और सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले इसी मैच की पहली पारी में रहाणे ने रविचंद्रन अश्विन के साथ आठवें विकेट के लिए 98 रन जोड़े थे।

भारत ने पहले सत्र के 26 ओवरों में दो विकेट गंवाकर 56 रन बनाए। दूसरे सत्र की समाप्ति तक भारत ने 54 ओवरों का सामना कर चार विकेट पर 116 रन बनाए और अंतिम सत्र में कोहली और रहाणे ने 27 ओवरों में बिना किसी नुकसान के 74 रन जोड़े।

दूसरे सत्र में भारत ने शिखर धवन (21) और चेतेश्वर पुजारा (28) के विकेट गंवाए। धवन को मोर्ने मोर्कल ने बेहतरीन यार्कर पर बोल्ड किया जबकि पुजारा को इमरान ताहिर ने अपना शिकार बनाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 45 रन जोडे़।
तीसरे दिन पहले सत्र में भारत ने मुरली विजय (3) और रोहित शर्मा (0) के विकेट गंवाए थे। विजय को मोर्कल ने चार के कुल योग पर डेन विलास के हाथों कैच कराया जबकि रोहित को मोर्कल ने क्वीन बोल्ड किया। रोहित को बदलाव के तौर पर तीसरे क्रम पर भेजा गया था।

रवींद्र जडेजा (30-5) के नेतृत्व में अपने गेंदबाजों और उससे पहले रहाणे (127) के उम्दा शतक की बदौलत भारत ने दूसरे दिन शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 121 रनों पर समेटकर 213 रनों की बढ़त हासिल की थी। भारत ने अपनी पहली पारी में 334 रन बनाए थे।

दक्षिण अफ्रीका 14 रनों से फॉलोऑन को मजबूर हुआ लेकिन भारत ने उसे फॉलोऑन नहीं कराने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑन से बचने के लिए 134 रनों की जरूरत थी। दक्षिण अफ्रीका ने 49.3 ओवरों का सामना किया था।

जानें एक एपिसोड की कितनी फीस लेती हैं ये टीवी एक्‍ट्रेसस

टीवी रियेलिटी शो 'बिग बॉस 9' से रिमी सेन बाहर हो गई हैं. वहीं 2.35 करोड़ रुपए (साइनिंग अमाउंट और 7 सप्ताह की फीस) लेकर वे रियेलिटी शो में अबतक की सबसे महंगी प्रतिभागी बन गई हैं. उन्‍होंने शो में अपने फैंस को थोडा निराश जरूर किया. वहीं अगर छोटे पर्दे की अभिनेत्रि‍यों की बात करें तो सबसे ज्‍यादा फीस लेने में अभिनेत्री सोनाली बेद्रें का नाम सबसे ऊपर है. इनके अलावा भी कुछ छोटे पर्दे की अभिनेत्रि‍यां हैं जो प्रति एपिसोड लाख रुपये लेती हैं.1. छोटे पर्दे का जाना पहचाना नाम मोना सिंह टीवी शो 'प्‍यार को हो जाने दो' के लिए प्रतिदिन के एपिसोड के लिए 1.75 करोड़ रुपये लेती हैं. वे 'जस्‍सी जैसी कोई नहीं' सीरीयल से पॉपुलर हुई थी. मोना ने फिल्‍म '3 इडियट्स' में करीना कपूर की बड़ी बहन का किरदार निभाया था.2. टीवी सीरीयल 'ये रिश्‍ता क्‍या कहलाता है' में लीड रोल अदा करनेवाली अभिनेत्री हिना खान प्रति एपिसोड 1.25 करोड़ लेती है. इन्‍होंने इसी सीरीयल से छोटे पर्दे पर डेब्‍यू किया है.
3. सीरीयल 'बड़े अच्‍छे लगते हैं' की अभिनेत्री साक्षी तंवर प्रतिदिन के एपिसोड के लिए 1.25 करोड़ लेती है. साक्षी वर्ष 2000 के सीरीयल 'कहानी घर घर की' से पॉपुलर हुई थी. वे जल्‍द ही आगामी फिल्‍म 'दंगल' में आमिर खान की पत्‍नी का किरदार निभाने वाली हैं.
4. डांस रियेलिटी शो 'झलक दिखला जा' के छठे सीजन की विजेता रह चुकी अभिनेत्री दृष्‍टि धामी सीरीयल 'एक था राजा एक थी रानी' के लिए प्रतिदिन के एपिसोड के लिए 1 लाख रुपये लेती है.

5. टीवी सीरीयल 'साथ निभाना साथिया' की लीड एक्‍ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी एक एपिसोड का 80 हजार रुपये लेती हैं.

6. टीवी शो 'ससुराल सिमर का' की अभिनेत्री दीपिका कक्‍कड़ प्रति एपिसोड 70 हजार रुपये लेती हैं



राधिका ने रजनीकांत की ‘कबाली’ की शूटिंग शुरू की

बदलापुर’, ‘हंटर’ और ‘मांझी : द माउंटेन मैन’ सरीखी फिल्मों की अभिनेत्री राधिका आप्टे ने गोवा में सुपरस्टार रजनीकांत की मुख्य भूमिका वाली ‘कबाली’ फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। वह कहती हैं कि इसे लेकर ‘बहुत उत्साहित’ हैं।

हाल में लघु फिल्म ‘अहिल्या’ के लिए तारीफें बंटोर चुकीं राधिका ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने को लेकर उत्साहित रही हूं और आखिरकार में गोवा में हूं। हम आज (शुक्रवार) शूटिंग कर रहे हैं। मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित हूं।’’

राधिका गुरुवार को गोवा के लिए रवाना हो गई थीं। यहां उनके 15 दिन तक शूटिंग करने की संभावना है।

पा. रंजीत निर्देशित ‘कबाली’ के अगले साल रिलीज होने की संभावना है।

रियो ओलंपिक टेस्ट इवेंट के सेमीफाइनल में पहुंचीं मेरीकॉम

पिछले एक साल में पहली बार किसी प्रतियोगिता में भाग ले रही ओलंपिक कांस्य पदक विजेता एम सी मेरीकॉम (51 किग्रा) ने रियो डि जनेरियो में अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) ओलंपिक परीक्षण प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचकर खुद और भारत के लिए पदक पक्का किया।

इस भारतीय मुक्केबाज ने क्वार्टर फाइनल में वेनेजुएला की कार्ला मैगलियोको को 3-0 से हराया। इस प्रतियोगिता के लिए विश्व संस्था और रियो ओलंपिक आयोजन समिति ने मुक्केबाजों को व्यक्तिगत तौर पर आमंत्रित किया है।

मेरीकॉम का अगला मुकाबला शनिवार को वर्जीनिया फुच से होगा। पुरुष वर्ग में रोहित टोकस (60 किग्रा) पहले दौर में वेनेजुएला के लुईस काबरेरा से 0-3 से हारकर बाहर हो गए।