Sunday, 17 June 2012

आपके कॅरिअर को दिशा दे सकते हैं ये दस सवाल!

सीकर.12वीं कक्षा पास कर जिले के 54 हजार विद्यार्थियों के मन में कॅरिअर को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। वे कॉलेज में दाखिला तो ले रहे हैं लेकिन बेहतर कॅरियर के लिए उन्हें और क्या करना चाहिए। कौनसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं? ऐसे कई सवाल उनके दिमाग में इन दिनों उठ रहे हैं। काउंसलर, टीचर्स और विशेषज्ञों की मदद भी मांगी जा रही है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अपने लिए सटीक कॅरियर के लिए खुद ही चिंतन करना होगा। हालांकि विशेषज्ञ इसमें मदद कर सकते हैं पर विषय का चयन रुचि के अनुसार हो तो बेहतर है।

स्टूडेंट्स खुद को कॉम्पीटिशन के भरोसे नहीं छोड़ना चाहते। वे इसके साथ ही अन्य कोर्स के ऑप्शन भी लेकर चलना चाहते हैं। बच्चों को कोर्स का चयन करने के लिए पेरेंट्स को सुझाव देने चाहिए न कि उन्हें किसी पर्टिकुलर कोर्स करने के लिए प्रेशराइज्ड करें। पेरेंट्स को बच्चों की रुचि को पहचानना चाहिए। उन्हें कोर्स ज्वॉइन कराने से पहले उनकी रुचि और एबिलिटी को भी परखें। दैनिक भास्कर ने इस मामले में सीबीएसई, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के एक्सपर्ट्स से बातचीत की।

कॅरिअर चुनने से पहले इन सवालों के जवाब तलाशें

12वीं के बाद कौन-कौन से डिग्री कोर्स किए जा सकते हैं?

सब्जेक्ट वाइस कोर्स का चयन किया जा सकता है। इसमें बीए, बीकॉम, बीएससी हैं। वहीं प्रोफेशनल कोर्स में बीसीए, बीबीए, बीई कर सकते हैं। शॉर्ट टर्म में कम्प्यूटर हार्ड वेयर, सॉफ्टवेयर, मोबाइल, शार्ट हैंड कोर्सेस कर सकते हैं।

सामान्य डिग्री कोर्स के बाद कॅरियर की संभावनाएं क्या रहेंगी?

सामान्य डिग्री कोर्स जैसे बीए, बीकॉम, बीएससी करने के बाद कॅरियर के लिए फिलहाल संभावनाएं कम ही हैं। इनसे ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की जा सकती है। कॅरियर की बेहतर संभावनाओं के लिए आगे उच्च शिक्षा प्राप्त करना बहुत ज्यादा जरूरी है।

एक डिग्री कोर्स के साथ कौन से दूसरे ऑप्शन अपना सकते हैं?

ग्रेजुएशन के लिए कोर्स एक स्थान पर ज्वॉइन करने के बाद दूसरे ऑप्शन के तौर पर सर्टिफिकेट कोर्स किए जा सकते हैं। इनमें कम्प्यूटर, लैंग्वेज लर्निग जैसे कोर्स हैं। कॉम्पीटिशन एग्जाम की प्रिपरेशन भी हो सकती है। यह आगे मददगार होंगे। इसके अलावा इंजीनियरिंग व मेडिकल की तैयारी अहम है।

शॉर्ट-टर्म कोर्स के साथ आगे पढ़ाई कैसे जारी रखी जा सकती है?

शॉर्ट टर्म कोर्स करने के साथ ही ग्रेजुएट डिग्री पूरी की जा सकती है। इसमें प्राइवेट एडमिशन लेकर डिग्री कोर्स पूरा कर सकते हैं।

क्या क्रिएटिव कोर्स के साथ कॅरियर बनाया जा सकता है?

डिजाइनिंग, ड्रामा, फिल्म प्रोडक्शन और फाइन आर्ट जैसे विषयों के साथ क्रिएटिव कोर्स कर सकते हैं। इनमें थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल अनुभव भी हासिल होता है।

सफलता की कम संभावना की स्थिति में क्या करें?

कॉम्पीटिशन एग्जाम में एकाएक सफलता मिलना संभव नहीं होता है। ऐसे में तैयारी के साथ ही कोई कोर्स ज्वॉइन कर लेना चाहिए। इससे ड्रॉप लेने की स्थिति से बचा जा सकेगा। इसमें ग्रेजुएट लेवल के कोर्स को ज्वॉइन कर सकते हैं।

पेरेंट्स को अपनी पसंद को लेकर कैसे कन्वींस करें?

जो कोर्स करना है, उस बारे में पेरेंट्स को पूरी जानकारी और भविष्य की संभावनाओं के बारे में स्पष्ट तरीके से बताएं। कई बार ऐसा होता है कि पैरेंट्स इनसे अनजान होते हैं।

कोर्स चुनने में अपनी पसंद देखें या भविष्य की संभावनाएं?

जिस कोर्स को आप अपनी रुचि के अनुसार चुनेंगे, उसे ज्यादा बेहतर तरीके से पूरा कर पाएंगे। साथ ही अच्छे से कोर्स पूरा करने के बाद जॉब की संभावनाएं भी तलाशना आसान होगा। कोर्स का चयन रुचि के हिसाब से करें।

जॉब के लिए कॉम्पीटिशन एग्जाम की तैयारी करना कैसा रहेगा?

शिक्षक भर्ती, बैकिंग, रेलवे, एसएससी के क्षेत्र में जॉब की संभावनाएं काफी अच्छी हैं। एक से डेढ़ साल की तैयारी कर इन एग्जाम में आसानी से सफलता पाई जा सकती है। इन परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही मैथड और गाइडेंस को अपनाना होगा।

क्या स्कूल पूरा करने के बाद सीधे जॉब करने की संभावना है?

स्कूल के बाद जॉब मिल सकती है। लेकिन सिर्फ स्कूल के सहारे कॅरियर नहीं बनाया जा सकता। जरूरी है कोर्स की जानकारी लेकर उसे ज्वॉइन करना ही बेहतर है।

विशेषज्ञ कहते हैं कि 12वीं के बाद कॅरियर की सही दिशा तय की जाती है, इसलिए समझदारी से कोर्स का चयन करें। कॅरियर के लिए कई ग्रेजुएशन और प्रोफेशनल कोर्स हैं, पर सलेक्शन रुचि के अनुसार करें।

बीए, बीकॉम, बीएससी, बीएससी होम साइंस, बीए फाइन आर्ट्स।

शॉर्ट टर्म कोर्स : कम्प्यूटर हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर में डिप्लोमा, कम्प्यूटर मेंटेनेंस, लैंग्वेज कोर्स या सर्टिफिकेट कोर्स, शॉर्ट हैंड राइटिंग कोर्स समेत अन्य।

कॉम्पीटिटिव ऑप्शन : शिक्षक भर्ती, प्रशासनिक सेवा, बैंकिंग, एसएससी, रेलवे समेत विभिन्न डिपार्टमेंट्स द्वारा आयोजित होने वाले कॉम्पीटिटिव एग्जाम।

प्रोफेशनल कोर्स : बीबीए, बीसीए, बीई, बी फार्मेसी आदि कोर्स।


इस साल 12वीं पास आउट करने वाले विद्यार्थी : 53744

कॉमर्स : 5,670

साइंस : 26,742

आर्ट्स : 21,332

No comments:

Post a Comment